उत्तम नगर में तरुण हत्याकांड: 8 आरोपी गिरफ्तार, इलाके में सुरक्षा बढ़ाई गई

The Bharat Day
नई दिल्ली:

राजधानी नई दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में होली के दौरान हुए तरुण हत्याकांड मामले में पुलिस ने अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल बताया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।


पुलिस के अनुसार, होली के दिन एक बच्ची द्वारा फेंका गया पानी से भरा गुब्बारा एक महिला पर गिर गया था। इसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और झगड़ा हिंसक रूप ले बैठा। आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोगों ने 26 वर्षीय तरुण पर लाठी-डंडों और अन्य वस्तुओं से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल तरुण को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने इलाके में अतिरिक्त बल तैनात किया है और लगातार निगरानी रखी जा रही है।


मृतक के परिजनों का आरोप है कि इस हमले में 15 से 20 लोग शामिल थे। परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए CBI जांच की मांग की है।


पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सीसीटीवी फुटेज तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। जरूरत पड़ने पर और गिरफ्तारियां भी की जा सकती हैं।


Tags



To Top