Valiya Events द्वारा जनरल नॉलेज कंपटीशन से बच्चों को मिलेगा नया मंच

The Bharat Day

गाजियाबाद में एक बार फिर बच्चों के ज्ञान, प्रतिभा और आत्मविश्वास को नई पहचान देने के लिए “गाजियाबाद के हुनरबाज इंटर स्कूल जनरल नॉलेज कंपटीशन 2026” का आयोजन किया जा रहा है। वालिया इवेंट्स द्वारा आयोजित यह प्रतियोगिता इस बार अपने पांचवें सीजन में प्रवेश कर चुकी है। पिछले चार सफल सीजनों के बाद इस बार प्रतियोगिता को और बड़े स्तर पर आयोजित करने की तैयारी की गई है।


कार्यक्रम के आयोजक अंकित वालिया ने बताया कि आज के समय में बच्चों के बीच जनरल नॉलेज और करंट अफेयर्स की जानकारी लगातार कम होती जा रही है। स्कूलों के पढ़ाई के पैटर्न में भी सामान्य ज्ञान को पहले जैसी प्राथमिकता नहीं मिल रही है। ऐसे में इस प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ देश-दुनिया की जानकारी से भी जोड़ना है, ताकि आने वाले समय में वे किसी भी प्रतियोगी परीक्षा और इंटरव्यू के लिए बेहतर तरीके से तैयार हो सकें।


इस बार प्रतियोगिता में पहली बार छोटी कक्षाओं के बच्चों को भी शामिल किया गया है। प्रतियोगिता को दो अलग-अलग कैटेगरी में बांटा गया है। पहली कैटेगरी 5वीं से 8वीं कक्षा तक के छात्रों के लिए होगी, जबकि दूसरी कैटेगरी 9वीं से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए रखी गई है। आयोजकों का कहना है कि पिछले सीजनों में कई अभिभावकों ने छोटी कक्षाओं के बच्चों को भी शामिल करने की मांग की थी, जिसके बाद यह फैसला लिया गया।


प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए रजिस्ट्रेशन की अंतिम तारीख 20 मई निर्धारित की गई है। वहीं इसका ग्रैंड फिनाले 31 मई, रविवार को भागीरथ पब्लिक स्कूल, सेक्टर-23, संजय नगर, गाजियाबाद में आयोजित होगा। आयोजकों के अनुसार अभी तक गाजियाबाद के करीब 25 से 30 स्कूलों से संपर्क किया जा चुका है और स्कूलों, शिक्षकों व अभिभावकों की ओर से काफी अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है।


प्रतियोगिता में विजेता प्रतिभागियों को कैश प्राइज, ट्रॉफी, सर्टिफिकेट और गिफ्ट हैम्पर देकर सम्मानित किया जाएगा। वहीं चौथे से पचासवें स्थान तक आने वाले बच्चों को भी ट्रॉफी, सर्टिफिकेट और गिफ्ट हैम्पर दिए जाएंगे। इसके अलावा जो बच्चे किसी रैंक में नहीं आ पाएंगे, उन्हें भी पार्टिसिपेशन ट्रॉफी और सर्टिफिकेट प्रदान किया जाएगा ताकि हर बच्चे का आत्मविश्वास बना रहे।


इस आयोजन की सबसे खास बात यह है कि आर्थिक रूप से कमजोर और दिव्यांग बच्चों के लिए प्रतियोगिता में भाग लेना पूरी तरह निशुल्क रखा गया है। आयोजक अंकित वालिया ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल प्रतियोगिता कराना नहीं, बल्कि हर बच्चे को आगे बढ़ने का अवसर देना है। उन्होंने स्कूलों और शिक्षकों से अपील की है कि ऐसे बच्चों को आगे लाएं जो प्रतिभाशाली हैं लेकिन आर्थिक कारणों से पीछे रह जाते हैं।


कार्यक्रम को कई संस्थाओं और सहयोगियों का भी समर्थन मिल रहा है। भागीरथ पब्लिक स्कूल इस कार्यक्रम का वेन्यू पार्टनर है, जबकि गोल्डन डांस स्टूडियो, करिअर मेकर, कलाकारों का सफर, प्रचार आउटडोर मीडिया और कई सामाजिक संस्थाएं भी इस आयोजन में सहयोग कर रही हैं।


आयोजकों ने शहर के सभी अभिभावकों और स्कूलों से ज्यादा से ज्यादा बच्चों को इस प्रतियोगिता में शामिल कराने की अपील की है, ताकि बच्चे सामान्य ज्ञान, करंट अफेयर्स और आत्मविश्वास के साथ अपने भविष्य को और मजबूत बना सकें।




To Top