उत्तराखंड की प्रियंका खंतवाल का कन्नड़ फिल्म में डेब्यू, ‘वाइल्ड टाइगर सफारी’ का गाना बना ट्रेंड

The Bharat Day

नई दिल्ली| उत्तराखंड की उभरती डांसर और अभिनेत्री प्रियंका खंतवाल इन दिनों अपनी पहली कन्नड़ फिल्म वाइल्ड टाइगर सफारी के गाने को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म का यह गाना सोशल मीडिया और दर्शकों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है, जिससे प्रियंका को खास पहचान मिल रही है।

पौड़ी जिले के लैंसडाउन तहसील स्थित बंदखणी गांव की रहने वाली प्रियंका वर्तमान में मुंबई में रहकर अपने करियर पर काम कर रही हैं। उनका परिवार अभी भी गांव में ही निवास करता है। उनके पिता किशोरी लाल खंतवाल भारतीय वायुसेना से सेवानिवृत्त हैं और वर्तमान में वन निगम से जुड़े पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी मां कलावती खंतवाल ग्राम सभा में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।

प्रियंका ने बताया कि उन्होंने अपने डांस करियर और गुरुओं के मार्गदर्शन के बल पर कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखा है। वाइल्ड टाइगर सफारी में उनका डेब्यू सॉन्ग उनके करियर का अहम पड़ाव है और फिलहाल उनका पूरा ध्यान इसी फिल्म की रिलीज पर केंद्रित है।


उन्होंने कहा कि वह दक्षिण भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के साथ-साथ बॉलीवुड में भी अपनी पहचान बनाना चाहती हैं। तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ फिल्मों में काम करने के साथ ही वह उत्तराखंड की फिल्म इंडस्ट्री में भी योगदान देना चाहती हैं।

प्रियंका के अनुसार, फिल्म के गाने की शूटिंग का अनुभव उनके लिए बेहद खास रहा। निर्देशक चंद्रमौली के साथ काम करना उनके लिए सीखने का अच्छा अवसर साबित हुआ।

पुणे यूनिवर्सिटी से स्नातक करने के बाद प्रियंका फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय हैं। इससे पहले वह डांस रियलिटी शो धी जोड़ी, डीआईडी और डांस प्लस सीजन-5 जैसे मंचों पर अपनी प्रतिभा दिखा चुकी हैं। अब वह अभिनय और डांस के जरिए फिल्म इंडस्ट्री में अपनी मजबूत पहचान बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।



To Top