एक दिन ट्रेलर रिलीज, रोमांटिक कहानी ने बढ़ाई उत्सुकता

The Bharat Day

आमिर खान प्रोडक्शंस की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'एक दिन' का ट्रेलर रिलीज हो गया है, जिसने दर्शकों के बीच उत्साह और बढ़ा दिया है। साई पल्लवी और जुनैद खान स्टारर यह फिल्म एक भावनात्मक और दिल को छू लेने वाली प्रेम कहानी पेश करती नजर आ रही है।


ट्रेलर में जुनैद खान एक शर्मीले और संकोची युवक के किरदार में दिखाई देते हैं, जो अपनी ही ऑफिस में काम करने वाली खुशमिजाज लड़की साई पल्लवी से प्यार करने लगता है, लेकिन अपने दिल की बात कह नहीं पाता। कहानी में बड़ा मोड़ तब आता है जब जापान में साई पल्लवी का एक्सीडेंट हो जाता है और वह ट्रांजिएंट ग्लोबल एमनेशिया (TGA) का शिकार हो जाती है। इस स्थिति में उसे केवल वही व्यक्ति याद रहता है, जिसने उसकी जान बचाई थी — यानी जुनैद का किरदार।


यह ट्विस्ट कहानी को एक नई दिशा देता है, जिससे यह जानने की उत्सुकता बढ़ जाती है कि आगे इस प्रेम कहानी में क्या मोड़ आएंगे। ट्रेलर से साफ है कि फिल्म एक सॉफ्ट, इमोशनल और उम्मीद से भरी कहानी को बड़े ही खूबसूरत अंदाज में पेश करेगी।


फिल्म 'एक दिन' के जरिए आमिर खान और मंसूर खान की जोड़ी एक लंबे समय बाद फिर साथ आई है। इस जोड़ी ने पहले भी 'कयामत से कयामत तक', 'जो जीता वही सिकंदर', 'अकेले हम अकेले तुम' और 'जाने तू... या जाने ना' जैसी हिट फिल्में दी हैं। ऐसे में इस फिल्म को लेकर दर्शकों की उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं।


सुनील पांडे के निर्देशन में बनी इस फिल्म को आमिर खान, मंसूर खान और अपर्णा पुरोहित ने प्रोड्यूस किया है। 'एक दिन' 1 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।




To Top