गाजियाबाद के लोनी इलाके से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां एक युवक की कथित तौर पर उसके ससुराल पक्ष के लोगों ने हत्या कर दी और शव को सड़क किनारे फेंक दिया।
मृतक की पहचान नितिन राठी के रूप में हुई है, जो गीताांजलि विहार का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि उसकी शादी करीब एक साल पहले हुई थी, लेकिन शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। कुछ समय पहले पत्नी अपने मायके चली गई थी।
जानकारी के अनुसार, ससुराल पक्ष के लोगों ने नितिन को समझौते के बहाने बुलाया था। इसी दौरान रास्ते में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोप है कि मारपीट के दौरान नितिन की गला दबाकर हत्या कर दी गई।
घटना के बाद आरोपी शव को टीला मोड़ थाना क्षेत्र के पास सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कुछ आरोपियों को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

