तिरुवनंतपुरम से हजरत निजामुद्दीन जा रही राजधानी एक्सप्रेस में रविवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब ट्रेन के एसी बी-1 कोच में अचानक आग लग गई। यह घटना मध्य प्रदेश के कोटा रेल मंडल के लूणी रिछा और विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के बीच सुबह करीब 5:15 बजे हुई।
आग लगते ही ट्रेन को तुरंत रोका गया और रेलवे स्टाफ ने तेजी दिखाते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कोच में सवार सभी 68 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई भी यात्री घायल नहीं हुआ।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार आग ने कुछ ही देर में पूरे कोच को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे बी-1 कोच पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। सुरक्षा के मद्देनजर कोच को ट्रेन से अलग कर दिया गया और ओवरहेड बिजली सप्लाई भी बंद कर दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और रेलवे की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। इस हादसे के कारण कुछ समय के लिए दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित रही।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। रेलवे प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं और यात्रियों को आगे की यात्रा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था के साथ भोजन और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

