शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद को मिली जान से मारने की धमकी, संत समाज में आक्रोश

The Bharat Day

नई दिल्ली। गौ रक्षा अभियान और माघ मेला विवाद के बाद अपने बयानों को लेकर लगातार चर्चा में रहने वाले शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार मामला उनके बयान से नहीं, बल्कि मिली एक गंभीर जान से मारने की धमकी से जुड़ा है, जिससे संत समाज और उनके समर्थकों में चिंता बढ़ गई है।


फोन पर मिली जान से मारने की धमकी

जानकारी के मुताबिक, यह धमकी सीधे शंकराचार्य को नहीं बल्कि उनके करीबी सहयोगी के फोन पर दी गई। कॉल करने वाले शख्स ने उनके हालिया बयानों और गौ रक्षा अभियान को लेकर नाराजगी जताई और बातचीत के दौरान आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। इतना ही नहीं, उसने उनका हाल ‘अतीक अहमद जैसा’ करने की बात भी कही, जिससे मामला और गंभीर हो गया है।


समर्थकों में नाराजगी, कानूनी कार्रवाई की तैयारी

घटना सामने आने के बाद शंकराचार्य के अनुयायियों और संत समाज में आक्रोश है। उनके करीबी लोगों का कहना है कि धमकी भरे कुछ संदेश भी भेजे गए हैं। इस पूरे मामले की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सामने आई है, जिसके आधार पर कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। जल्द ही पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।


पहले भी बयानों को लेकर रहे चर्चा में

गौरतलब है कि शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद पिछले कुछ समय से अपने तीखे बयानों के कारण सुर्खियों में रहे हैं। माघ मेला विवाद के दौरान उन्होंने प्रशासन पर खुलकर सवाल उठाए थे। इसके अलावा अन्य मामलों में भी उन्होंने सख्त प्रतिक्रिया देते हुए सत्ता पक्ष की आलोचना की थी, जिससे राजनीतिक और धार्मिक हलकों में बहस तेज हो गई थी।


गौ रक्षा यात्रा भी बनी थी चर्चा का केंद्र

हाल ही में उन्होंने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गौ रक्षा के संकल्प के साथ यात्रा भी निकाली थी, जिसे समर्थकों का व्यापक समर्थन मिला। हालांकि, उनकी यही सक्रियता उन्हें लगातार विवादों के केंद्र में बनाए हुए है। अब इस ताजा धमकी के बाद सभी की नजरें इस पर टिकी हैं कि आगे इस मामले में क्या कार्रवाई होती है।




To Top