छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अवैध नशे की खेती का एक बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने अफीम की अवैध खेती के आरोप में बीजेपी से जुड़े नेता विनायक ताम्रकार को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि उनके खेत में बड़े पैमाने पर अफीम के पौधे उगाए जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में कहीं अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस और प्रशासन की टीम ने खेतों में छापेमारी की। जांच के दौरान मक्का की फसल के बीच छिपाकर उगाए गए अफीम के पौधे पाए गए। बताया जा रहा है कि करीब 5 एकड़ से अधिक जमीन पर यह अवैध खेती की जा रही थी।
पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में अफीम की फसल बरामद की है। इस मामले में आरोपी नेता के साथ दो अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया गया है। मामले में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।
घटना सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है। पार्टी ने मामले को गंभीर मानते हुए आरोपी नेता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं पुलिस का कहना है कि इस पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आ सकती है।

