ऑपरेशन ‘मिलाप’ में दिल्ली पुलिस की बड़ी कामयाबी, दो लापता नाबालिगों को परिवार से मिलाया

The Bharat Day

 


नई दिल्ली : दिल्ली पुलिस ने एक बार फिर संवेदनशीलता और सतर्कता का परिचय देते हुए ऑपरेशन ‘मिलाप’ के तहत दो लापता नाबालिग बच्चों को उनके परिवारों से सुरक्षित मिलवा दिया। बच्चों के परिजनों ने अपने बच्चों को सकुशल पाकर पुलिस का आभार जताया।


पुलिस के अनुसार, मंगलवार को गश्त के दौरान एक नाबालिग बच्चा भलस्वा डेयरी इलाके में भटकता हुआ मिला। पूछताछ में पता चला कि वह घर का रास्ता भूल गया है। इसके कुछ ही समय बाद बवाना इलाके से भी एक अन्य नाबालिग बच्चे के मिलने की सूचना मिली। बीट अफसर ने दोनों मामलों की जानकारी तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को दी।


दोनों बच्चों को थाने लाकर पुलिस ने उन्हें भरोसे में लिया और उनसे दोस्ताना तरीके से बातचीत की। बच्चों को खाना भी दिया गया ताकि वे सहज महसूस कर सकें। बातचीत के दौरान दोनों बच्चों ने अपने-अपने इलाके के बारे में कुछ जानकारी दी, लेकिन वे सही पता बताने में असमर्थ थे।


एसीपी श्री सृष्टि भट की निगरानी और एसएचओ तेजपाल सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम को बच्चों के परिवारों का पता लगाने की जिम्मेदारी दी गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, बस स्टैंड और ऑटो चालकों से भी पूछताछ की। साथ ही सभी थानों में बच्चों की तस्वीरें भेजकर जानकारी जुटाने की कोशिश की गई।


पूछताछ के दौरान एक नाबालिग ने बताया कि वह बवाना के झंडा चौक इलाके में रहता है। इसके बाद पुलिस टीम रात करीब डेढ़ बजे तक उस इलाके में डोर-टू-डोर जाकर परिवार की तलाश करती रही और आखिरकार बच्चे को उसके परिजनों से मिलवा दिया, जो पूरे दिन से उसे ढूंढ रहे थे।


वहीं भलस्वा डेयरी के रहने वाले दूसरे नाबालिग के परिवार का पता लगाने के लिए पुलिस की एक टीम उस इलाके में भेजी गई। काफी प्रयासों के बाद बुधवार सुबह उसके परिवार से संपर्क हुआ। बाद में परिजनों को थाने बुलाकर बच्चे को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया


दिल्ली पुलिस का ऑपरेशन ‘मिलाप’ लापता, अपहृत या घर से भटके बच्चों और वयस्कों को ढूंढकर उन्हें उनके परिवारों से मिलाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा एक विशेष अभियान है।


Tags



To Top