ट्रैफिक को लेकर विशेष एडवाइजरी
भीड़ और जाम की स्थिति से बचने के लिए Delhi Police ने पहले से ही ट्रैफिक एडवाइजरी जारी कर दी है। पुलिस के मुताबिक स्टेडियम के आसपास कई मार्गों पर यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन लागू किए जाएंगे। खासतौर पर आईपी मार्ग और विकास मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रह सकती है।
राजघाट से आईपी मार्ग तक जाने वाले रास्ते पर भारी वाहनों की एंट्री पूरी तरह बंद रहेगी। लोगों से अपील की गई है कि शनिवार, 14 मार्च को दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक इन मार्गों से बचकर वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें, क्योंकि कॉन्सर्ट के दौरान भारी भीड़ और पार्किंग की वजह से जाम लगने की संभावना है।
स्टेडियम में एंट्री के लिए तय किए गए गेट
कॉन्सर्ट में आने वाले लोगों के लिए स्टेडियम में प्रवेश की अलग-अलग व्यवस्था की गई है।
गेट नंबर 7 और 8 वेलोड्रोम रोड पर स्थित हैं और यहां से आने वालों को उसी मार्ग से प्रवेश मिलेगा।
गेट नंबर 21, 22, 16 और 17 रिंग रोड की तरफ हैं और इन गेट्स से आने वाले लोगों को एमजीएम रोड के रास्ते पहुंचना होगा।
पुलिस का कहना है कि इन दिशानिर्देशों का पालन करने से भीड़ को नियंत्रित करने और लोगों की आवाजाही को आसान बनाने में मदद मिलेगी।
पार्किंग को लेकर सख्त नियम
स्टेडियम के आसपास पार्किंग सीमित रखी गई है। केवल उन्हीं वाहनों को पार्किंग की अनुमति होगी जिनके पास वैध पार्किंग लेबल होगा और यह लेबल गाड़ी की विंडस्क्रीन पर साफ दिखाई देना चाहिए।
रिंग रोड के दोनों तरफ, राजघाट से आईपी फ्लाईओवर तक किसी भी वाहन को पार्क करने की अनुमति नहीं होगी। अगर कोई गाड़ी यहां खड़ी पाई जाती है तो उसे क्रेन के जरिए हटाया जाएगा और वाहन मालिक के खिलाफ कार्रवाई भी की जा सकती है।
पुलिस का कहना है कि इन इंतजामों का उद्देश्य ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु रखना और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

