नई दिल्ली : देश के करोड़ों किसानों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत मिलने वाली अगली किस्त का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। सरकार ने जानकारी दी है कि योजना की 22वीं किस्त 13 मार्च को किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी।
इस योजना के तहत पात्र किसानों को 2,000 रुपये की राशि सीधे उनके बैंक खाते में भेजी जाएगी। सरकार यह पैसा डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए भेजती है, जिससे किसानों को किसी दफ्तर या बैंक के चक्कर नहीं लगाने पड़ते और राशि सीधे उनके खाते में पहुंच जाती है।
हर साल मिलते हैं 6,000 रुपये
केंद्र सरकार की इस योजना के अंतर्गत छोटे और सीमांत किसानों को सालाना 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि तीन किस्तों में दी जाती है और हर चार महीने में 2,000 रुपये किसानों के खाते में भेजे जाते हैं। अब तक किसानों को इस योजना की 21 किस्तें मिल चुकी हैं और अब 22वीं किस्त जारी होने जा रही है।
इन वजहों से अटक सकती है किस्त
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन किसानों ने कुछ जरूरी औपचारिकताएं पूरी नहीं की हैं, उनकी किस्त रुक सकती है। इसलिए किसानों को समय रहते जरूरी जानकारी अपडेट कर लेनी चाहिए।
किस्त रुकने के संभावित कारण:
e-KYC पूरा न होना
फार्मर आईडी न बनवाना
बैंक खाते की गलत जानकारी
आधार कार्ड का बैंक खाते से लिंक न होना
ऐसे चेक करें अपना स्टेटस
किसान यह भी जांच सकते हैं कि उनके खाते में किस्त आएगी या नहीं।
स्टेटस चेक करने का तरीका:
PM-Kisan Official Website पर जाएं।
होमपेज पर Farmers Corner सेक्शन में जाएं।
वहां Know Your Status विकल्प पर क्लिक करें।
अपना रजिस्ट्रेशन नंबर और कैप्चा कोड दर्ज करें।
इसके बाद स्क्रीन पर किस्त से जुड़ी पूरी जानकारी दिखाई दे जाएगी।

